भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा विकास! सड़क पर बह रही नालियां, ग्रामीणों में रोष
.
#हरदोई। विकास खंड सुरसा की ग्राम पंचायत मोना के मजरा जलुआखेड़ा में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण तो कराया गया, लेकिन नालियों के निर्माण में कथित अनियमितताओं और घटिया निर्माण के कारण अधिकांश नालियां टूट चुकी हैं।
नतीजतन, नालियों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क पर जलभराव और गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। लोग तंज कसते हुए इसे "भ्रष्टाचार से कराए गए विकास की गंगा" बता रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और नालियों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। गावों के विकास की ये हकीकत सरकारी सिस्टम की कार्यशैली और विकास कार्यों की निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है।
Hardoi, Hardoi | Jul 14, 2026