ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन: भोपाल में नागरिकों के लिए खुलेगी 'प्रोजेक्ट मौसम', 'बृहत्तर भारत' और 'ज्ञान भारतम्' प्रदर्शनियां
8 अगस्त को शाम 4 बजे से 6 बजे तक तथा 9 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक इन प्रदर्शनियों का करें नि:शुल्क अवलोकन
कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ब्रिक्स संस्कृति सम्मेलन के अंतर्गत स्थापित तीन विशेष प्रदर्शनियों—‘प्रोजेक्ट मौसम’, ‘बृहत्तर भारत’ और ‘ज्ञान भारतम्’ को आम नागरिकों के अवलोकन के लिए खोला जा रहा है। राजधानी भोपाल के नागरिक 7 अगस्त को शाम 4 बजे से 6 बजे तक तथा 9 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक इन प्रदर्शनियों का नि:शुल्क अवलोकन कर सकेंगे। प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन ज्ञान परंपरा और वैश्विक सांस्कृतिक संबंधों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
‘प्रोजेक्ट मौसम’ प्रदर्शनी में हिंद महासागर क्षेत्र के दो हजार वर्षों से अधिक पुराने समुद्री व्यापारिक मार्गों, मानसूनी हवाओं के प्रभाव और साझा सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक इमर्सिव फिल्मों और इंटरैक्टिव माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है। वहीं ‘बृहत्तर भारत’ प्रदर्शनी विश्व भर में फैले भारतीय ज्ञान, बौद्ध धर्म, कला और स्थापत्य के ऐतिहासिक प्रभावों को रेखांकित करती है। प्रदर्शनी में यह दर्शाया गया है कि किस प्रकार प्राचीन काल से ही भारत का वैश्विक स्तर पर ज्ञान और मानवीय मूल्यों का आदान-प्रदान रहा है।
'ज्ञान भारतम्' प्रदर्शनी में देश की पांडुलिपि विरासत के वैज्ञानिक संरक्षण और आधुनिक तकनीक के उपयोग को दिखाया गया है। यहाँ आगंतुक 16वीं शताब्दी की ‘लीलावती’, 18वीं शताब्दी की ‘रेखागणित’ और सिलिकॉन वेफर पर संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों का अवलोकन कर सकेंगे। इस परियोजना के तहत अब तक 1.19 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों का दस्तावेजीकरण किया जा चुका है, जो भारतीय गणित, दर्शन और अध्यात्म की प्रामाणिक धरोहर हैं।
इसके साथ ही सम्मेलन परिसर में निर्मित मध्यप्रदेश पवेलियन भी नागरिकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा। सांची स्तूप के तोरण द्वार की प्रतिकृति पर बने इस पवेलियन में प्रदेश के टाइगर रिजर्व, खजुराहो, सांची, भीमबेटका जैसे पर्यटन स्थलों के साथ-साथ गोंड चित्रकला, नंदना ब्लॉक प्रिंटिंग और मिट्टी के शिल्पों का जीवंत प्रदर्शन किया गया है।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
BRICS India
Department of Culture, Madhya Pradesh
#Bhopal #CultureUnitesAll #BRICS2026
45 views | Bhopal, Madhya Pradesh | Aug 8, 2026