कोडिया में भारी मलबा आने से बड़ा हादसा टला, सभी सुरक्षित
चमोली।।
देर रात बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे पीपलकोटी-बंड क्षेत्र के कोडिया में लगातार हो रही बारिश के चलते अचानक भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। समय रहते वहां खड़े सभी वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। सभी लोग सुरक्षित हैं। मलबा आने के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए आवाजाही प्रभावित रही।
प्रशासन ने बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। यात्रियों को मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।