राशन वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारी सुनवाई न करें तो सीधे मुझसे मिलें : राजेश नागर
रिव्यू मीटिंग से अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस, समस्याओं के समाधान के लिए बनाया व्हाट्सएप ग्रुप
हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने राशन वितरण व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र राशन कार्ड धारक को उसकी यूनिट के अनुसार पूरा राशन मिलना चाहिए। यदि विभागीय अधिकारी किसी समस्या की सुनवाई नहीं करते हैं तो डिपो होल्डर और उपभोक्ता सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
मंत्री राजेश नागर ने विभागीय अधिकारियों और राशन डिपो होल्डरों के साथ समीक्षा बैठक कर जिले की राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
व्हाट्सएप ग्रुप पर दर्ज होंगी समस्याएं
राशन वितरण से संबंधित समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसमें विभागीय अधिकारियों और डिपो होल्डरों के साथ मंत्री राजेश नागर भी शामिल हैं।
मंत्री ने डिपो होल्डरों से कहा कि वे अपनी समस्याएं इस ग्रुप में साझा करें। ग्रुप में आने वाली शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई की वह स्वयं निगरानी कर रहे हैं।
पूरा राशन मिलने तक रसीद पर हस्ताक्षर न करें
राजेश नागर ने राशन कार्ड धारकों से अपील की कि अपनी यूनिट के हिसाब से पूरा राशन मिलने से पहले किसी भी रसीद पर हस्ताक्षर न करें। यदि किसी कारण से राशन बकाया रह जाता है तो उसकी स्पष्ट जानकारी बिल पर दर्ज कराई जाए।
उन्होंने कहा कि बकाया राशन दो से तीन दिन के भीतर नहीं मिलने पर संबंधित कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं। वहां भी सुनवाई न होने पर मामला सीधे उनके संज्ञान में लाया जाए।
ट्रांसपोर्टर पैसे मांगे तो तुरंत करें शिकायत
मंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से राशन को डिपो तक निशुल्क पहुंचाने की व्यवस्था है। डिपो होल्डरों को इसके परिवहन का कोई खर्च नहीं देना होता। यदि कोई ट्रांसपोर्टर राशन पहुंचाने के बदले पैसे मांगता है तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दी जाए, ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
प्रतिदिन डिपो खोलने के निर्देश
बैठक में डिपो होल्डरों को नई मशीनों और इलेक्ट्रॉनिक कांटों के उपयोग से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने सभी डिपो नियमित रूप से प्रतिदिन खोलने को कहा, ताकि उपभोक्ताओं को राशन के लिए लंबा इंतजार या कतारों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि विभागीय टीमें नियमित रूप से राशन डिपो की जांच कर रही हैं और इसकी रिपोर्ट की समीक्षा वह स्वयं करते हैं। डिपो होल्डरों को उपभोक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और सरकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ लागू करने के निर्देश दिए गए।
जल्द शुरू होगी नए राशन डिपो की प्रक्रिया
राजेश नागर ने कहा कि यदि विभाग का कोई कर्मचारी डिपो होल्डर पर अनावश्यक दबाव बनाता है या उसे परेशान करता है तो इसकी सूचना सीधे उन्हें दी जाए। विभाग की ओर से जल्द ही नए राशन डिपो आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसके साथ ही डिपो होल्डरों का कमीशन प्रत्येक महीने की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था भी की जा रही है। मंत्री ने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
Panipat, Panipat | Aug 24, 2026