गगल चौक-चैतडू सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, राहगीर और वाहन चालक परेशान |
Kangra Express
कांगड़ा : गगल चौक से चैतडू की ओर जाने वाली सड़क की बदहाल हालत ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से हालात और भी खराब हो गए हैं। तस्वीरों में सड़क की हालत साफ तौर पर दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है और हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसी सड़क मार्ग से बड़े-बड़े मंत्री और मुख्यमंत्री तक गुजरते हैं, फिर भी सड़क की यह बदहाली जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को क्यों नजर नहीं आ रही?
लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क की हालत का जल्द संज्ञान लेकर गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत का काम करवाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
सवाल यही—क्या किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा विभाग, या उससे पहले सुधरेगी गगल-चैतडू सड़क?
Kangra, Kangra | Aug 28, 2026