डेलापीर के डमरू चौराहे पर कांवड़ियों का पुष्पवर्षा व माल्यार्पण से स्वागत, पीस कमेटी ऑफ इंडिया ने दिया भाईचारे का संदेश
#बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान डेलापीर स्थित डमरू चौराहे पर पीस कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा कांवड़ियों का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन ने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया।
पीस कमेटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल ने अपनी टीम के साथ कांवड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन प्रत्येक वर्ष कांवड़ यात्रियों के सम्मान में इस प्रकार का स्वागत कार्यक्रम आयोजित करता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पीस कमेटी ऑफ इंडिया ने प्रत्येक सोमवार को विभिन्न मंदिरों पर मेडिकल कैंप लगाने की जिम्मेदारी भी ली है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
नदीम इकबाल ने कहा कि बरेली की पहचान प्रेम, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब से है तथा पीस कमेटी ऑफ इंडिया समाज में इसी भावना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रहीम खान, मोनू खान, आजम खान, खुशनुमा खान, प्रदेश मीडिया प्रभारी सैयद सलमान, सलाहकार डॉ. सैयद शहाबुद्दीन सहित पीस कमेटी ऑफ इंडिया के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Bareilly news Live