
सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण में निकली विशाल यात्रा, 5 लाख हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन #बरेली। गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत मंगलवार को श्री हरि मंदिर से विशाल जनजागरण यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गौभक्त एवं हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां सभी ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में गौ संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग करते हुए गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिए जाने की मांग की गई। साथ ही जिन राज्यों में अभी तक गोकशी पर पूर्ण प्रतिबंध लागू नहीं है, वहां भी तत्काल प्रतिबंध लगाने और कड़े कानून लागू करने की मांग उठाई गई। अभियान के संयोजकों ने बताया कि इस ज्ञापन के साथ देशभर से एकत्रित 5 लाख लोगों के हस्ताक्षर भी राष्ट्रपति को भेजे गए हैं। उनका कहना था कि करोड़ों लोगों की आस्था गौ माता से जुड़ी है और सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करना चाहिए तथा गोवंश संरक्षण के लिए पूरे देश में एक समान कठोर कानून लागू करना चाहिए। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में हनुमान चालीसा के पाठ के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मांगों पर केंद्र सरकार तक जनभावनाएं पहुंचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर सोनू ठाकुर, ऋषि यादव, हिमांशु पटेल, निर्दोष राठौर, आशीष शर्मा, पंकज पाठक, बिहान शर्मा, गौतम कश्यप, विजय गिरी महाराज, अमित गिरी महाराज, शैंकी सिंह, बस जयपुर गौ रक्षक सहित बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष नंदकिशोर शर्मा ने कहा कि गो सम्मान आह्वान अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण के प्रति जनजागरण करना और सरकार तक जनता की भावनाओं को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने तक अभियान लगातार जारी रहेगा। #बरेलीन्यूज़लाइव #वायरल #गोसम्मान
Bareilly, Bareilly | Jul 27, 2026

अपना दल (सोनेलाल) की परिक्षेत्र महाबैठक में संगठन विस्तार, 20 से अधिक पदाधिकारियों की घोषणा, इंजीनियर निशांत सक्सेना बने शहर विधानसभा अध्यक्ष #बरेली। अपना दल (सोनेलाल) की बरेली परिक्षेत्र महाबैठक एवं "दस्तक – स्वागत, सम्मान एवं दायित्व बोध समारोह" का आयोजन रोटरी भवन, बरेली में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय अध्यक्ष दानिश ज़ीशान खान ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एडवोकेट अनुज कुमार गंगवार ने की। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव मनीष कुमार ने किया। बैठक में बरेली, शाहजहाँपुर, पीलीभीत एवं बदायूँ जनपदों के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा बरेली जनपद के सभी विधानसभा अध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में संगठन विस्तार और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान क्षेत्रीय कमेटी में 20 से अधिक नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। साथ ही संगठन ने इंजीनियर निशांत सक्सेना को बरेली शहर विधानसभा-124 का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी नेताओं ने इसे शहर विधानसभा में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष दानिश ज़ीशान खान और जिला अध्यक्ष एडवोकेट अनुज कुमार गंगवार ने कहा कि संगठन का लक्ष्य बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना, सभी समाजों के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाना तथा आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करना है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शाहजहाँपुर के जिला अध्यक्ष सुनील पटेल, पीलीभीत के जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश, बदायूँ के जिला अध्यक्ष रोहिताश पटेल, बरेली जनपद के सभी विधानसभा अध्यक्ष, क्षेत्रीय एवं जिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नवनियुक्त शहर विधानसभा अध्यक्ष इंजीनियर निशांत सक्सेना ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे तथा शहर विधानसभा के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। #बरेलीन्यूज़लाइव #वायरल #अपनादलसोनेलाल
Bareilly, Bareilly | Jul 26, 2026

गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने 8 घंटे में दबोचा #बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के करीब आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय गिरोह बनाकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार प्रेमनगर क्षेत्र निवासी इस्लाम कादिर पुत्र आरिफ खान ने अपने साथी सलमान निवासी अलीगढ़ के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह बना रखा था। गिरोह के सदस्य चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। गिरोह का पंजीकरण संख्या डी-296/2026 है। गिरोह की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना प्रेमनगर में 23 जुलाई 2026 को मु0अ0सं0 316/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर इस्लाम कादिर को मुकदमा दर्ज होने के लगभग आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था तथा अपराध से अर्जित धन से अपना जीवन-यापन करता था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। #bareillypolice Bareilly news Live #viral
Bareilly, Bareilly | Jul 24, 2026

#जौहरयूनिवर्सिटी को तोड़ने के आदेश के विरोध में सपा का प्रदर्शन, सरकार पर शिक्षा विरोधी होने का आरोप डीएम को सौंपा ज्ञापन, जंतर-मंतर आंदोलन और छात्रों के मुद्दे पर भी जताया समर्थन राइटिंग #बरेली। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जौहर यूनिवर्सिटी को तोड़ने के आदेश के विरोध में सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल/सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समाजवादी पार्टी नेता डॉ. अनीश बेग ने सरकार पर शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए आदेश वापस लेने की मांग की। मीडिया से बातचीत में डॉ. अनीश बेग ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां सभी वर्गों के छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं। ऐसे में यूनिवर्सिटी को नुकसान पहुंचाने वाला कोई भी फैसला हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षा, छात्रों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उनका आरोप था कि इन्हीं मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित आदेश तत्काल वापस लिया जाए और शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से चलने दिया जाए। डॉ. अनीश बेग ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन का भी समर्थन करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों और शिक्षा से जुड़े हर मुद्दे पर उनके साथ मजबूती से खड़ी है और लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही आवाज का सम्मान किया जाना चाहिए। बाइट: #डॉअनीशबेगसमाजवादीपार्टीनेता Bareilly news Live #viral #breakingnews
Bareilly, Bareilly | Jul 20, 2026

31 जुलाई की दिल्ली रैली को सफल बनाने के लिए की बैठक, कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान #बरेली। सोहेलदेव जनता समाज पार्टी () की बैठक शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भारतेंदु सोनकर ने की। इस दौरान 31 जुलाई को नई दिल्ली के लाल कटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली पार्टी की विशाल रैली को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बनाई गई। बैठक में जिलाध्यक्ष भारतेंदु सोनकर ने कहा कि 31 जुलाई की रैली पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी विशेष जोर दिया जाए। बैठक के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दयाराम भार्गव ने कहा कि संगठन लगातार विस्तार की ओर बढ़ रहा है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी सुमित बंजारा ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे और रैली में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करे। वहीं व्यापारी प्रकोष्ठ के रामावतार जिंदल ने भी रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की। बैठक में रैली की तैयारियों, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 31 जुलाई की दिल्ली रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। #बरेलीन्यूज़ #ब्रेकिंगन्यूज़ #वायरलन्यूज़ #सोहेलदेवजनतासमाजपार्टी
Bareilly, Bareilly | Jul 4, 2026