शेखपुरा के महसार पंचायत में नल-जल योजना का औचक निरीक्षण जिला पदाधिकारी का सख्त रुख, संवेदक पर होगी कार्रवाई।
आज दिनांक 25 सितंबर 2026 को माननीय मुख्यमंत्री बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'हर घर नल का जल' की हकीकत जानने के लिए जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद, द्वारा जायजा लिया गया। जिला पदाधिकारी महोदय ने शेखपुरा प्रखंड अंतर्गत महसार पंचायत के वार्ड नंबर 4, 5 और 6 में नल-जल योजना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्थल पर कई खामियां पाई गई, जिसपर जिला पदाधिकारी महोदय ने सख्त रुख अपनाते हुए लोक स्वास्थ्य कार्य प्रमंडलशेखपुरा के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दोषी अधिकारियों को चिन्हित कर प्रतिवेदन दे । निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने पाया कि वार्डों में लगा गेटवाल्व खराब पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से जलापूर्ति डायरेक्ट उपलब्ध कराया जा रहा था, जिसपर नाराजगी जताते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को निर्देश दिया कि 01 सप्ताह के भीतर खराब पड़े गेटवाल्व को दुरुस्त कर सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करें। स्थानीय ग्रामवासियों द्वारा बताया गया कि पंचायत के अधिकांश घरों में नल से पानी की आपूर्ति लंबे समय से बाधित है। मानकों को दरकिनार कर केवल डायरेक्ट पेयजल की आपूर्ति कराई जा रही है, जिससे लोगों के घरों तक सही तरीके से पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने महसार पंचायत की संवेदक इंदु देवी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित 'हर घर नल का जल' योजना आम लोगों की बुनियादी सुविधा से जुड़ी है। इस योजना की गुणवत्ता और नियमितता जांचने के लिए विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों द्वारा लगातार औचक निरीक्षण कराया जा रहा है। यदि किसी भी पंचायत या वार्ड में काम में लापरवाही या वित्तीय अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी, संवेदक और विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुकूल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कनीय अभियंता, स्थानीय जन प्रतिनिधि और विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।