संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित
समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा का जिले में हुआ शुभारम्भ, मंडल प्रभारियों को सौंपे गए राज्य स्तर से लाये गए कलश
संत रविदास जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके संदेशों का किया गया स्मरण
9 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से निकलेगी कलश वंदन यात्रा
=====================================================================
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने मंगलवार 18 अगस्त को रवींद्र भवन में समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का राज्य स्तरीय शुभारम्भ किया है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संत रविदास महाराज की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) की मिट्टी के कलशों का पूजन किया गया, जिसके बाद वे जिलों के लिए रवाना किए गए। इन वंदन कलशों के छिंदवाड़ा जिले में पहुंचने पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन गुरुवार को राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में किया गया और जिले में समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा की शुरूआत की गई। यह यात्रा जिले के विभिन्न विकासखंडों, तहसीलों और ग्रामों से होकर निकाली जाएगी, जो संत शिरोमणि रविदास जी के संदेशों को जन - जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में बाल नृत्यांगना निकिता अहिरवार ने - गुरु चरणन पर शीश नवाऊँ.....भक्ति गीत पर नृत्य की मनमोहन प्रस्तुति दी। भजन समूह द्वारा आरती अरदास भी की गई। कार्यक्रम में सभी को समरसता पूर्ण जीवन जीने का संकल्प भी दिलाया गया।
संत शिरोमणि रविदास के पूजन वंदन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत - जिला स्तरीय समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, विशिष्ट अतिथि अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, महापौर श्री विक्रम अहके, संत रविदास समिति के अध्यक्ष श्री श्याम डोले सहित अन्य अतिथियों द्वारा संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन वंदन से की गई। इस दौरान कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री एस.एस. मरकाम भी मौजूद थे।
जिसके बाद संत रविदास के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने कहा कि वर्ष 2014 से देश की कमान संभालने के बाद से हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हमारे साधु, संतों और धर्म गुरुओं को सम्मान देने का काम किया है। संत शिरोमणि श्री रविदास जी के आदर्शों को आमजन तक पहुंचाने के लिए ही उनकी जयंती मनाई जा रही है और समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 01 फरवरी 2026 को हुई जालंधर यात्रा में संत रविदास जी की 650वीं जयंती मनाने का निर्णय लिया है। उनके लिए गए निर्णय के अनुसार प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में 18 अगस्त से समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है और कलश वंदन यात्रा निकाली जा रही हैं। हमारे प्रदेश के सागर जिले में संत रविदास जी का भव्य मंदिर और स्मारक भी बनाए जा रहे हैं, जिनका शीघ्र लोकार्पण प्रधानमंत्री जी द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रैदास नाम से विख्यात संत रविदास जी का जन्म काशी (वाराणसी) में हुआ था। वे संत कवियों में गिने जाते हैं और उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से अपने आदर्शों को जन - जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनकी भक्ति में दिखावा नहीं था, बल्कि सच्ची श्रद्धा और मानवता थी। उन्होंने एक ऐसे राज्य की कल्पना की थी, जहां कोई भेदभाव न हो, सब बराबर हों..."ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट - बड़ो सब सम बसे, रैदास रहै प्रसन्न।।" उनकी भक्ति सामाजिक मुक्ति की साधन थी। सांसद श्री साहू ने सभी से संत रविदास जी के जीवन आदर्शों को अपनाने और उन्हें अपने चरित्र में शामिल करने का आह्वान किया।
अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह ने संत रविदास जी की 650 वीं जन्मजयंती समारोहपूर्वक और समरसता संकल्प अभियान के रूप में मनाए जाने के लिए प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दिया। उन्होंने समाज के हर वर्ग को इस अभियान में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। श्री शेषराव यादव ने कहा कि संत किसी एक समाज के नहीं होते, उनके उपदेश सभी के लिए हितकारी होते हैं। उन्होंने समरसता संकल्प अभियान के दौरान निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के समरसता संदेशों और अमर वचनों को जन - जन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हम सभी संतों की वाणी के अनुसार चलें और जीवन को सफल बनाएं। महापौर श्री विक्रम अहके ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर राज्य स्तर से आए कलश, यात्रा के माध्यम से जिले भर में पहुंचकर उनके समरसता संदेशों को जन - जन तक पहुंचाएंगे। संत रविदास जी ने धर्म, जाति के बजाय कर्म को महान बताया है। संत रविदास समिति के अध्यक्ष श्री श्याम डोले ने कहा कि सरकार संत रविदास जी के सामाजिक समरसता के संदेशों को देशभर में फैलाने का कार्य कर रही है। संत रविदास जी के जीवन आदर्श न केवल इतिहास में बल्कि वर्तमान समय में भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से उनका अनुसरण करने का आह्वान किया।
छिंदवाड़ा शहर में निर्धारित मार्ग पर निकली कलश यात्रा - जिला स्तरीय समारोह में अतिथियों द्वारा राज्य स्तर से लाए गए कलश, यात्रा प्रभारियों श्री सौरभ ठाकुर, श्री अंकुर शुक्ला, श्री नवीन बारस्कर और श्री रमाकांत पटेल को सौंपे गए और कार्यक्रम स्थल से कलश वंदन यात्रा को रवाना किया गया। यह कलश वंदन यात्रा गर्ल्स कॉलेज से प्रारंभ होकर मानसरोवर, पुराना बैलबाजार, लालबाग, रामबाग, नरसिंहपुर नाका, श्याम टॉकीज, छोटा तालाब, पुराना पावर हाउस, छोटी बाजार, मेन रोड, फव्वारा चौक, दशहरा मैदान, ईएलसी चौक, परशुराम वाटिका, नगर निगम, कलेक्टोरेट होते हुए अंबेडकर चौराहे तक पहुंची।
उपस्थिति - जिला स्तरीय समारोह में छिंदवाड़ा सांसद श्री साहू, अमरवाड़ा विधायक श्री शाह, श्री यादव, महापौर श्री अहके के साथ ही पूर्व विधायक श्री ताराचंद बावरिया, समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा के जिला संयोजक श्री विजय पांडे, श्री अजय सक्सेना, संत श्री पुरुषोत्तम मंडराह, संत श्री महताब अहिरवार, श्री मनोज मंडराह, श्री धर्मेंद्र मिगलानी, श्री एस. पी. सेवतिया, श्री कामता प्रसाद अहिरवार, श्री आर.एल. मंडराह, श्री मनोज चौरे, श्री अशोक बिन्जाड़े, श्री राकेश माइकल पहाड़े, श्री राजकुमार अहिरवार, श्री जागेंद्र अलडक, श्री दीपक नेमा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, नगर/ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएँ, परामर्श दाता, छात्र - छात्राएं और स्वयंसेवी संस्थाएं उपस्थित थे।
20 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक निकलेगी कलश/रथ यात्रा- संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में 20 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक विभिन्न तिथियों में प्रातः 10 बजे से कलश/रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 अगस्त को छिंदवाड़ा मुख्यालय के बाद 21 अगस्त को विकासखंड छिंदवाड़ा-मोहखेड़, 22 अगस्त को विकासखंड मोहखेड़, 23 अगस्त को विकासखंड मोहखेड़-परासिया, 24 अगस्त को विकासखंड परासिया-जुन्नारदेव, 25 अगस्त को विकासखंड परासिया, 26 अगस्त को विकासखंड परासिया-तामिया, 31 अगस्त को विकासखंड हर्रई, 1 सितंबर को विकासखंड अमरवाड़ा, 2 सितंबर को विकासखंड अमरवाड़ा-चौरई, 3 सितंबर को विकासखंड चौरई, 4 सितंबर को विकासखंड बिछुआ, 5 सितंबर को विकासखंड मोहखेड़-चौरई, 6 से 9 सितंबर तक विकासखंड छिंदवाड़ा के विभिन्न ग्रामों में यात्रा आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन यात्रा के अंतिम पड़ाव में कलश को संबंधित ग्राम के मंदिर में सम्मान पूर्वक सुरक्षित रखा जाएगा।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026