मुख्यमंत्री के प्रस्तावित होली दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, उपायुक्त ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विश्राम गृह होली में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, सुरक्षा, यातायात, जनसभा स्थल और हेलीपैड व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो | होली/चंबा | 4 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के प्रस्तावित होली प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में विश्राम गृह होली में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जनसभा स्थल, हेलीपैड, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा स्वागत कार्यक्रमों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित हों, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने एसएचओ भरमौर बाबू राम को सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा पर्याप्त पार्किंग स्थल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण, जल शक्ति और विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया।
बैठक से पूर्व उपायुक्त मुकेश रेपसवाल एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने होली हेलीपैड और प्रस्तावित जनसभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का मौके पर जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त ने क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध लाके वाली माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, होली का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा, डीएफओ भरमौर नवनाथ शिवाजी माने, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जे. एस. ठाकुर, अधिशासी अभियंता भाग सिंह, तहसीलदार होली अजय कुमार, बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल तथा एसएचओ भरमौर बाबू राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।