गंगापुर सिटी। वजीरपुर उपखंड के सेवा गांव में जलनिकासी व्यवस्था और पक्की नालियों के अभाव में ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य रास्तों पर गंदा पानी बहने से सड़कें कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को रोजाना इन रास्तों से निकलने में परेशानी उठानी पड़ रही है। जहां ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि
इस समस्या का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूली बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। कीचड़ भरे रास्तों पर फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। इससे बच्चों की स्कूल ड्रेस और किताबें खराब होने के साथ चोटिल होने की आशंका भी बनी रहती है। वहीं, रास्तों पर जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियां फैलने की चिंता भी ग्रामीणों को सता रही है।
गांव में स्थित देवी मैया के मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों की परेशानी के बावजूद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या बनी हुई है। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों को इस बदहाली से राहत दिलाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाएंगे?