अंतिम सोमवार से पहले लहरा घाट पहुंचे एसपी ओपी सिंह, कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कांवड़ियों से संवाद कर जाना हाल, बढ़ते गंगा जलस्तर को देखते हुए बैरीकेडिंग, गोताखोर और फ्लड यूनिट को लेकर दिए सख्त निर्देश
कासगंज। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर कासगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने थाना सोरों क्षेत्र के लहरा गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान एसपी ने गंगा घाट पर मौजूद कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा एवं स्नान संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।
एसपी ने घाट और कांवड़ मार्ग पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
गंगा जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरीकेडिंग, खतरे के संकेतक, पर्याप्त पुलिस बल, फ्लड यूनिट, नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं को लगातार जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर यातायात, रूट डायवर्जन, पार्किंग, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम और फूड सेफ्टी समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारू रहें।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना सोरों लोकेश सिंह भाटी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Kasganj, Kasganj | Aug 22, 2026