अररिया पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित, जिलाधिकारी ने नगर परिषद अररिया के वार्ड संख्या-05 में शिविर का किया निरीक्षण
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के दिशा-निर्देश में जन शिकायतों के सरल, सुलभ एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से जिले के सभी पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में नियमित रूप से पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के 12 पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों के 11 वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-05 स्थित ईदगाह मैदान, रजोखर में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपस्थित आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का प्रभावी तरीके से समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का पंजीकरण सहयोग पोर्टल पर किया जा रहा है, जिससे मामलों के निष्पादन की निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा।
शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। मौके पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई। विभिन्न विभागों से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों ने भी शिविर में उपस्थित रहकर आमजनों की शिकायतों की सुनवाई की।
शिविर में उपस्थित नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रावधानों से अवगत कराया गया।
Araria, Araria | Sep 1, 2026