30 हजार रुपए का इनामी डोडा पोस्त तस्कर हुक्माराम गिरफ्तार, दो साल से अधिक समय से चल रहा था फरार
जोधपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की पश्चिम जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साल से अधिक समय से फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी तस्कर हुक्माराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी अगस्त 2024 से पीपाड़ शहर थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त 2024 को पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की एक पिकअप से 1347.72 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। इस दौरान पिकअप में सवार हुक्माराम पुत्र रामूराम जाट निवासी बम्बोर पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए नहीं करता था मोबाइल का इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बेहद सतर्कता बरत रहा था। वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर अलग-अलग स्थानों पर फरारी काट रहा था। इस कारण पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस आयुक्त अंशुमन भौमिया एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में डीएसटी टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान विशेष मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर हुक्माराम को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक महादेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल राजूसिंह, गंगासिंह तथा कांस्टेबल हनुमानराम, धीरज, रामसिंह, डूंगरसिंह, दलाराम और लादूराम शामिल रहे।
Tinwari, Jodhpur | Nov 18, 2026