जमीन में गाड़े गए 3 ड्रमों से मिला करोड़ों का कैश,
प्रयागराज। प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर (रामनगर) गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक घर के अंदर जमीन में गाड़कर रखे गए 3 ड्रमों से 500-500 के नोटों की भारी-भरकम गड्डियां बरामद की हैं। शुरुआती गिनती में करोड़ों रुपये कैश होने की बात सामने आ रही है, जबकि स्थानीय चर्चाओं में यह रकम 60 करोड़ तक बताई जा रही है।
मुखबिर की खास सूचना पर एक्शन लेते हुए डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार और एडीसीपी समेत भारी पुलिस बल ने बुधवार शाम को औचक छापेमारी की। कार्रवाई से पहले एहतियात के तौर पर पूरे गांव की बिजली कटवा दी गई। इसके बाद करीब 40 से अधिक पुलिसकर्मियों ने राकेश यादव उर्फ महाकाल के पुश्तैनी मकान को चारों तरफ से घेर लिया और घर के अंदर खुदाई व सर्च अभियान चलाया। लगभग साढ़े चार घंटे तक चले इस कड़े अभियान के दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए तीन ड्रम मिले, जिनमें नोटों के बंडल भरे हुए थे।