🔸कालिदास के साहित्य में समाहित हैं आधुनिक जीवन कौशल और वैश्विक दृष्टि**
🔸राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का प्रथम सत्र आयोजित*
उज्जैन, 22 नवम्बर । 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के अंतर्गत रविवार को “वैश्विक परिवेश में कालिदास” विषय पर राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी के प्रथम सत्र का सफल आयोजन किया गया। संगोष्ठी के निदेशक डॉ. गोविन्द दत्तात्रेय गन्धे के वाचिक स्वागत से सत्र का शुभारंभ हुआ, जबकि संचालन डॉ. महेन्द्र पण्ड्या ने किया।
सत्र में शोध-पत्र वाचन करते हुए पोरबंदर (गुजरात) से पधारे डॉ. स्नेहल जोशी ने ‘सम्बोधन संतृप्तिः मेघदूत के परिप्रेक्ष्य’ विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कालिदास की कविता आत्मा की कला है, जो उदात्त दर्शन प्रस्तुत करती है। यक्ष द्वारा मेघ के लिए प्रयुक्त 27 काव्यात्मक एवं सौम्य सम्बोधन अनुनय और कलात्मक प्रयोगों का अद्भुत उदाहरण हैं।
रायपुर (छत्तीसगढ़) से आईं डॉ. दिव्या देशपाण्डे ने महाकवि कालिदास के साहित्य में जीवन कौशल विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने रेखांकित किया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा वर्ष 1997 में सूचीबद्ध किए गए 10 प्रमुख जीवन कौशल – यथा निर्णय क्षमता, समस्या समाधान, रचनात्मक एवं समालोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संप्रेषण, समानुभूति, भावनाओं और तनाव का प्रबंधन – कालिदास ने सहस्रों वर्ष पूर्व अपने महाकाव्यों रघुवंशम्, कुमारसंभवम्, मेघदूतम् तथा अभिज्ञानशाकुन्तलम् में सहजता से पिरो दिए थे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. अजिता त्रिवेदी ने कहा कि कालिदास के साहित्य में एक ऐसा दिव्य तत्व निहित है, जो देश-काल की सीमाओं से परे प्रत्येक युग के पाठकों को प्रभावित करता है और शाश्वत बना रहता है। सत्र के समापन पर संगोष्ठी समन्वयक डॉ. पूजा उपाध्याय ने सभी अतिथियों एवं वक्ताओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
**संस्कृत विषय पर केन्द्रित डाक टिकट प्रदर्शनी**
संगोष्ठी के दौरान महाकवि कालिदास एवं संस्कृत विषय पर केन्द्रित डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसका संयोजन श्री डी.आर. मंडल, भोपाल द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में अहर्निशंम सेवामहे (1959), शकुन्तला एवं मेघदूत (1960), वन्दे मातरम् (1976), मेघदूत पोस्टकार्ड (2002 एवं 2003), सम्राट विक्रमादित्य (2016), अहिंसा परमो धर्मः (2019), वसुधैव कुटुंबकम् (2023), सर्वे भवन्तु सुखिनः (2024), सत्यमेव जयते (2024), भारत लोकतंत्र की जननी (2024), वेद-पुराण (2024), चाणक्य, चन्द्रगुप्त और अर्थशास्त्र (2024) तथा मंडन मिश्र-शंकराचार्य शास्त्रार्थ (2024) आदि विषयों पर जारी डाक टिकट प्रदर्शित किए गए।
**आगामी कार्यक्रम**
दिनांक 23 नवम्बर 2026 को सारस्वत आयोजनों की श्रृंखला में प्रातः 10:00 बजे राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का द्वितीय सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र की अध्यक्षता प्रो. शिवशंकर मिश्र, कुलगुरु, महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय, उज्जैन करेंगे।
सायं 4:30 बजे पद्मश्री वि.श्री. वाकणकर स्मृति व्याख्यान का आयोजन होगा, जिसमें मुख्य अतिथि प्रो. हरिराम मिश्र (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली), मुख्य वक्ता प्रो. अरुण रंजन मिश्र, अध्यक्ष प्रो. अर्पण भारद्वाज (कुलगुरु, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन) तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. शैलेन्द्र कुमार पाराशर उपस्थित रहेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुति के अन्तर्गत “महाकाल The Play” का मंचन श्री विन्दु दारा सिंह, निर्माता एवं निर्देशक, बंदना फिल्म्स एवं इंटरटेनमेंट प्रा. लि. द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Ujjain
Umaria, Madhya Pradesh | Nov 22, 2026