अनोखी पहल: चकाचौंध से दूर, अपना घर आश्रम के प्रभुजियों के बीच बांटा खुशियों का निवाला
हिंडौन सिटी। आज के आधुनिक दौर में जहां लोग अपने जन्मदिन पर महंगे होटलों और पार्टियों में लाखों रुपए खर्च कर देते हैं, वही खेड़ा के एक दिव्यांग समाजसेवी ने इंसानियत और संवेदनशीलता की एक बेहद खूबसूरत मिसाल पेश की है। शारीरिक चुनौतियों को मात देकर समाज के लिए प्रेरणा बने खेड़ा निवासी दिव्यांग समाजसेवी कृपाल सिंह जाट ने अपना जन्मदिन बुधवार को किसी तामझाम के साथ नहीं बल्कि क्यारदा कला स्थित अपना घर आश्रम में रह रहे प्रभुजियों (आश्रम में रहने वाले आवासियो) और सेवादारों के साथ बेहद सादगी एवं आत्मीयता के साथ मनाया।
चेहरे पर बिखरी मुस्काने....
दिव्यांग समाजसेवी कृपाल सिंह जाट अपने साथी अखिल भारतीय अब्बासी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव पत्रकार कलमुद्दीन खान, जाट समाज चौरासी 10 गांव ब्रांच काचरौली के कोषाध्यक्ष बजरंग सिंह फौजदार, भाजपा नेता मनोज तिवाड़ी, भाजपा खेड़ा मंडल मंत्री शोभा तिवाड़ी, कल्ला चौधरी,अज्जू मीना,विष्णु, रूप सिंह जाट के साथ सुबह 11 बजे क्यारदा कला स्थित अपना घर आश्रम पहुंचे। जहां प्रभुजियों को सुबह का नाश्ता, दोपहर का स्वल्पाहार एवं संपूर्ण दिन के विशेष भोजन की सेवा की गई। इस दौरान वहां मौजूद प्रभुजियों के चेहरे पर एक अनोखी चमक और मुस्कान देखने को मिली। दिव्यांग समाजसेवी ने उनके साथ केक काटा और काफी समय बिताकर उनका हाल-चाल जाना।
समाज के लिए एक बड़ी सीख....
क्यारदा कला स्थित अपना घर आश्रम के अध्यक्ष राकेश गोयल, आश्रम प्रभारी योगेश गर्ग,कार्यालय प्रभारी राजेश गुर्जर एवं मेडिकल प्रभारी रिषु गुर्जर ने दिव्यांग समाजसेवी की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए उन्हें दुपट्टा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।