किशनगंज के जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल के द्वारा जिला शिक्षा विभाग के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में राजकीय डिग्री कॉलेज #दिघलबैंक में शैक्षणिक सत्र का लोकार्पण संयुक्त रूप से किया गया। साथ ही राजकीय डिग्री कॉलेज दिघलबैंक एवं कोचाधामन में छात्राओं के आवागमन के लिए सरकार द्वारा संचालित पिंक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सरकार द्वारा संचालित पिंक बस में सिर्फ महिलाओं एवं छात्राओं को ट्रैवलिंग की सुविधा प्रदान की गई है। इस बस में कंडक्टर भी महिला होगी और यात्री भी महिलाएं एवं छात्राएं ही होंगी। बस में सुरक्षा व्यवस्था की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पिंक बस का संचालन प्रखंड मुख्यालय से राजकीय डिग्री कॉलेज तक किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), शिक्षा ने बताया कि राज्य सरकार के सात निश्चय भाग-3 के चतुर्थ निश्चय उन्नत शिक्षा, उज्जवल भविष्य के तहत राजकीय डिग्री कॉलेज विहीन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है। किशनगंज जिलान्तर्गत #कोचाधामन, #दिघलबैंक एवं #टेढ़ागाछ तीन प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना की गई है। ये सभी कॉलेज पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के अंगीभूत महाविद्यालय होंगे।
इन सभी डिग्री कॉलेजों में मुख्य रूप से 6 विषयों की पढ़ाई प्रारंभ की गई है -
समाजशास्त्र, राजनीतिक शास्त्र, मनोविज्ञान, इतिहास, हिंदी एवं अंग्रेजी।भविष्य में इन डिग्री महाविद्यालयों में विज्ञान एवं वाणिज्य की पढ़ाई भी प्रारंभ की जाएगी। राजकीय डिग्री कॉलेज कोचाधामन का अस्थाई संचालन हाई स्कूल धनपुरा, कोचाधामन में किया जा रहा है। राजकीय डिग्री कॉलेज दिघलबैंक का अस्थाई संचालन हाई स्कूल तुलसीया में प्रारंभ किया गया है। राजकीय डिग्री कॉलेज टेढ़ागाछ का संचालन हाई स्कूल बेणुगढ़, टेढ़ागाछ में किया जा रहा है।
#Kishanganj #bihar
Dighalbank, Kishanganj | Jul 15, 2026