सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प के साथ कोंडागांव में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा
सेवा संकल्प अभियान के तहत कोंडागांव में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। एनसीसी मैदान से प्रारंभ हुई यह यात्रा शासकीय गुण्डाधुर महाविद्यालय मैदान तक पहुंची। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया।
इस अवसर पर बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आवास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, जन-धन, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास, जन-धन योजना एवं डीबीटी से योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक और स्वच्छ भारत मिशन से स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता पहुंची है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों और ‘लखपति दीदी’ जैसी पहलों के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।
पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर राष्ट्रसेवा के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। सेवा ज्योति यात्रा ने सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #सेवा_ज्योति_यात्रा #विकसित_भारत #आत्मनिर्भर_भारत #महिला_सशक्तिकरण