ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, विधायक अविनाश मंगलम ने 8 करोड़ की विकास योजना का किया शुभारंभ।
संवदिया न्यूज (अररिया) – बिहार
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष अनुसूचित जाति) के तहत सड़क एवं पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास सोमवार को संपन्न हुआ। माननीय विधायक श्री अविनाश मंगलम ने शिलापट्ट का अनावरण कर करीब 8 करोड़ रुपये की विकास योजना का विधिवत शुभारंभ किया।
शिलापट्ट पर अंकित जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत 10 नंबर सड़क स्थित ऋषिदेव टोला से लक्ष्मीपुर यादव टोला होते हुए सिमराहा जाने वाली तक सड़क एवं पुल निर्माण सहित वर्षों के अनुरक्षण कार्य किए जाएंगे। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
योजना के अंतर्गत 2.762 किलोमीटर लंबी सड़क एवं 58.120 मीटर लंबे पुल का निर्माण प्रस्तावित है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 8 करोड़ 92 हजार 997 रुपये (800.92997 लाख रुपये) की राशि व्यय की जाएगी। इस कार्य का निष्पादन मैसर्स टी.पी. कंस्ट्रक्शन, अररिया द्वारा किया जाएगा, जबकि इसकी कार्यकारी एजेंसी ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, फारबिसगंज है।
इस अवसर पर विधायक श्री अविनाश मंगलम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में राजद युवा जिला अध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि भोरहा मोहम्मद बसिरुद्दीन, हँसा मुखिया प्रतिनिधि बिनोद उर्फ रिंटू सिंह, पचिरा मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, पचिरा वार्ड सदस्य अनमोल यादव, पूर्व मुखिया रामानंद सिंह, भवेश गोस्वामी, राजद के प्रखंड अध्यक्ष चंदन यादव, राजद प्रखंड उपाध्यक्ष सौरव राणा तथा वरिष्ठ राजद कार्यकर्ता इंद्रानंद यादव सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने इस योजना के शिलान्यास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क एवं पुल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। लोगों ने इसे रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल बताया।