#जहानाबाद: परियांवा गांव में हुए मारपीट में घायल लोगों से मिले मंत्री संजय पासवान
जहानाबाद। घोसी थाना क्षेत्र के मोदनगंज प्रखंड के परियांवा गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में तीन महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल, जहानाबाद में चल रहा है। शनिवार को बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। घायलों की पहचान सीमा देवी (37), अर्चना देवी (30) और जगिया देवी (52) के रूप में हुई है। चिकित्सकों की देखरेख में तीनों का उपचार जारी है। पीड़ित महिलाओं ने बताया कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि शुक्रवार को करीब 10 लोग उनके घर पहुंचे और जमीन संबंधी बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद मारपीट की गई, जिसमें तीनों महिलाएं घायल हो गईं।अस्पताल में घायलों से मिलने के बाद मंत्री संजय पासवान ने कहा कि महिलाओं के साथ मारपीट की घटना गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी दे दी गई है, जिन्होंने मामले का संज्ञान लिया है।मंत्री ने अस्पताल से ही पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पुलिस को पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात कही।घटना की सूचना मिलने पर घोसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष के आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
#BREAKING #BreakingNews #Minister #SanjayPaswan #bihar