विश्व पर्यावरण दिवस पर निकली साइकिल रैली, डीएम ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लखीसराय। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा बचत एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
रैली का शुभारंभ विद्यापीठ चौक से हुआ, जिसमें जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जिला अतिथि गृह के समीप स्थित तालाब परिसर पहुंची।
रैली के दौरान जिला पदाधिकारी ने शहीद द्वार पर रुककर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके सम्मान में उपस्थित लोगों के साथ दो मिनट का मौन रखा। उन्होंने राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
मार्ग में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों का अवलोकन करते हुए जिला पदाधिकारी ने उनकी स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने की अपील की। मुख्य बाजार से गुजरने के दौरान स्थानीय लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
तालाब परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी एवं अन्य वरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा हरित आवरण बढ़ाने के लिए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर परिषद लखीसराय के कार्यपालक पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।