गोविंदगढ़ में मधु गुप्ता निर्विरोध चेयरमैन, कांग्रेस का फार्म आया लेकिन प्रत्याशी नहीं पहुंचा
नगर पालिका गोविंदगढ़ के चेयरमैन पद पर भाजपा की मधु गुप्ता निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने मधु गुप्ता को निर्विरोध चेयरमैन घोषित किया। इसके साथ ही नगर पालिका में पहली बार चेयरमैन की कुर्सी पर मधु गुप्ता बैठेंगी।
जानकारी के अनुसार चेयरमैन पद के लिए 16 सितंबर को भाजपा के सिंबल के साथ मधु गुप्ता ने अपना नामांकन दाखिल किया था। वहीं कांग्रेस की ओर से नामांकन फार्म जमा कराने के लिए प्रतिनिधि निर्वाचन कार्यालय पहुंचे, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी स्वयं मौके पर मौजूद नहीं थे। प्रत्याशी की अनुपस्थिति के चलते निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस का नामांकन फार्म निरस्त कर दिया।
शुक्रवार दोपहर 12 बजे नाम वापसी की अंतिम प्रक्रिया पूरी की गई। कांग्रेस का नामांकन पहले ही निरस्त होने के कारण मैदान में भाजपा प्रत्याशी मधु गुप्ता का ही नामांकन वैध रहा। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने मधु गुप्ता को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।
मधु गुप्ता के निर्विरोध चेयरमैन बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
Alwar, Alwar | Sep 18, 2026