राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने माता मनसा देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की खुशहाली की कामना
हवन-यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर किया कन्या पूजन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद
पंचकूला, 20 अक्टूबर। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मंगलवार को पंचकूला स्थित ऐतिहासिक श्री माता मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्य ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल ने मुख्य मंदिर में माता मनसा देवी की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की उन्नति एवं जनकल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित हवन-यज्ञ में उन्होंने आहुतियां अर्पित कीं। इस अवसर पर उन्होंने कन्या पूजन किया और कन्याओं को भोजन भी करवाया।
कार्यक्रम के दौरान श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्य ने राज्यपाल को सम्मान स्वरूप माता मनसा देवी का चित्र भेंट किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी स्क्वाड्रन लीडर पी. भरत, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, सहायक योजना अधिकारी पावस शर्मा, बोर्ड के एसडीओ राकेश पाहुजा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
#पंचकूला #माता_मनसा_देवी #हरियाणा #राज्यपाल #धार्मिक_समाचार #सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण