दुधवा पर्यटन सत्र 2025-26 संपन्न, पर्यटकों की संख्या और राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
पलियाकलां-खीरी, 30 जून।
दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2025-26 का समापन मंगलवार को हो गया। इस सत्र की शुरुआत 1 नवंबर 2025 को हुई थी। मानसून के कारण सामान्यतः 15 जून को बंद होने वाले पर्यटन को इस बार 30 जून तक बढ़ाया गया था। हालांकि, अंतिम दिन भारी बारिश के चलते पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुधवा में सफारी स्थगित कर दी गई, जबकि किशनपुर पर्यटन क्षेत्र में शाम की सफारी संचालित की गई।
पार्क प्रशासन के अनुसार, पर्यटन सत्र के दौरान दुधवा और किशनपुर में वन्यजीवों के बेहतर दर्शन, नेचर गाइडों, जिप्सी चालकों, वन विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस तथा स्थानीय मीडिया के सहयोग से पर्यटकों की संख्या और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में 75,615 भारतीय तथा 796 विदेशी पर्यटकों ने दुधवा का भ्रमण किया। इस दौरान लगभग ₹2.96 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है। वर्ष 2024-25 में 57,409 भारतीय और 644 विदेशी पर्यटक आए थे तथा लगभग ₹1.87 करोड़ का राजस्व मिला था।
उप निदेशक जगदीश आर ने पर्यटन सत्र के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, नेचर गाइडों, जिप्सी चालकों और अन्य संबंधित लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि नवंबर 2026 से शुरू होने वाले अगले पर्यटन सत्र में भी बड़ी संख्या में पर्यटक दुधवा पहुंचेंगे। #times18newsup #phoolbehar #gauriphanta #golagokarannath #paliakalan #Kumbhi #nighasan #behjam #sampurnanagar #followers