🔳खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किया कटनी शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, दूध-पनीर और मिठाइयों के नमूने लिए
🔳कृष्णा डेयरी में गंदगी मिलने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
🔳कटनी – दीपावली के त्योहार पर बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चला रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने कटनी शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, पनीर और मिठाइयों के नमूने लिए।
जांच के दौरान टीम ने माधवनगर स्थित कृष्णा डेयरी से दूध एवं पनीर, सिल्वर टॉकीज रोड स्थित विजय जैन खोया भंडार से खोया बर्फी, झंडा बाजार स्थित दयालराज स्वीट्स से नारियल बर्फी और स्टेशन रोड स्थित अग्रवाल स्वीट्स से खोया बर्फी के नमूने संग्रहित किए।
निरीक्षण के दौरान कृष्णा डेयरी में साफ-सफाई का अभाव और अस्वच्छता पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया। वहीं, सभी प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी