Ambala Media:"
80वें स्वतंत्रता दिवस पर 66 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
अंबाला। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंबाला पुलिस सभागार में आयोजित विशेष समारोह में उत्कृष्ट, साहसिक एवं सराहनीय कार्य करने वाले 66 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों की धरपकड़, नशा एवं अवैध हथियार तस्करी पर कार्रवाई तथा आमजन की सुरक्षा एवं जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की।
विशेष टीमों के कार्यों की हुई सराहना
सम्मानित होने वालों में जिले की विभिन्न विशेष पुलिस इकाइयों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
CIA टीमों को संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई, जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, हत्या के मामलों को सुलझाने तथा अवैध हथियार एवं नशा तस्करों की धरपकड़ में साहसिक कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के कर्मचारियों को बड़े ठगी मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और लाखों रुपये की रिकवरी के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
थाना अंबाला छावनी पुलिस टीम को चोरी की बड़ी वारदातों को सफलतापूर्वक सुलझाने के लिए सम्मानित किया गया।
एंटी-नारकोटिक सेल (ANC) के पुलिसकर्मियों को नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में प्रभावी कार्रवाई के लिए सम्मान मिला।
वहीं साइबर पुलिस टीम को जटिल मामलों में त्वरित एवं प्रभावी तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए सराहा गया।
इसके अलावा जिला अंबाला में विभिन्न स्थानों पर तैनात अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में निरीक्षक, उप-निरीक्षक, सहायक उप-निरीक्षक, मुख्य सिपाही, सिपाही तथा महिला एवं पुरुष आरक्षी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बढ़ाया पुलिसकर्मियों का मनोबल
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान संबंधित कर्मचारी का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य पुलिसकर्मियों को भी ईमानदारी, पारदर्शिता और मेहनत के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने अंबाला वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पुलिस अधिकारियों को आम जनता के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए तकनीकी एवं सक्रिय पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी ऊर्जा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के साथ समाज की सेवा करने का आह्वान किया।
समारोह में डीएसपी हेडक्वार्टर विजय कुमार, डीएसपी अंबाला जगबीर सिंह, डीएसपी नारायणगढ़ सूरज तथा डीएसपी अंबाला कैंट कुलदीप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें
कुलजीत सेठी
: Facebook | Instagram | YouTube | WhatsApp Channel
वेबसाइट: ambalamedia.in
Ambala, Ambala | Aug 17, 2026