पांगी में पहुंची जम्मू की पवित्र छड़ी यात्रा, जयकारों से गूंजे मंदिर परिसर
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
किलाड़/पांगी 16 जून
आस्था और श्रद्धा के प्रतीक स्वरूप हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जम्मू के पवित्र मचेल माता धाम से निकली छड़ी यात्रा जनजातीय पांगी घाटी पहुंची। छड़ी यात्रा के पांगी पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यात्रा के दौरान पवित्र छड़ी ने माँ शीतला मंदिर लुज और प्रसिद्ध मिंधल माता मंदिर में दर्शन किए। दोनों मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और "जय माता दी" के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह छड़ी यात्रा देवी के आशीर्वाद और आस्था का प्रतीक है, जो वर्षों से जम्मू और पांगी घाटी के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करती आ रही है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए माता रानी से प्रार्थना की।
देवभूमि पांगी घाटी में छड़ी यात्रा के आगमन से धार्मिक माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
Chamba, Chamba | Jun 16, 2026