पोस्टरों से दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इलेक्ट्रिक वाहनों के फायदे बताकर विद्यार्थियों को किया जागरूक
यमुनानगर। मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) टीम और रोटरी क्लब की ओर से कला एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता और इलेक्ट्रिक वाहन जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति का संदेश देने के साथ प्रदूषण मुक्त भविष्य के निर्माण में इलेक्ट्रिक वाहनों की भूमिका को भी समझा।
कला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों पर आकर्षक पोस्टर बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। पोस्टरों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अपनाने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, पर्यावरण प्रदूषण कम करने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, विज्ञान एवं समाज विषय के तहत विद्यार्थियों की टीम ‘द इलेक्ट्रिक माइंड्स’ ने ‘इलेक्ट्रिक वाहन भविष्य की राह’ विषय पर प्रस्तुति दी। टीम ने इलेक्ट्रिक वाहनों के महत्व और वायु प्रदूषण कम करने में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना स्वच्छ एवं हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक सोच विकसित करना था, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बनकर स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सकें। मौके पर
समन्वयक भावना, गतिविधि प्रभारी अंजू शर्मा, रोटरी क्लब के सदस्य और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन - पोस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लेते विद्यार्थी।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Oct 18, 2026