मानसिक रूप से विक्षिप्त किसान की 5 साल की सम्मान निधि निकालने का आरोप, कियोस्क संचालक पर ₹42,700 हड़पने की शिकायत, अब धमकी।
पीड़ित परिवार का दावा, एटीएम कार्ड अपने पास रखकर निकाली योजनाओं की राशि, थाने से लेकर एसपी और सीएम हेल्पलाइन तक शिकायत, न्याय की गुहार।
झमटुली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कटारा निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ किसान बच्चू पटेल (35) के बैंक खाते से वर्ष 2021 से 2025 के बीच किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की लगभग ₹42,700 की राशि निकालने का आरोप गांव के ही एक फीनो बैंक कियोस्क संचालक पर लगाया गया है।
मामले में पीड़ित परिवार ने सटई थाना, जनसुनवाई, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और राशि वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता रामप्रसाद पटेल ने बताया कि उनके मानसिक रूप से अस्वस्थ चाचा बच्चू पटेल का वर्ष 2021 में बैंक ऑफ बड़ौदा, सटई शाखा में खाता खुलवाया गया था। खाता खुलवाने के बाद कियोस्क संचालक ने एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और मोबाइल बैंकिंग व यूपीआई के माध्यम से खाते का संचालन करता रहा।
परिवार का कहना है कि ट्रांजैक्शन हिस्ट्री निकलवाने पर वर्ष 2021 से 2025 के बीच किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं की करीब ₹42,700 की राशि निकाली गई।
बच्चू पटेल आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे मजदूरी और लोगों से अनाज मांगकर अपनी पत्नी एवं दो बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। परिवार का कहना है कि योजनाओं की राशि निकल जाने से उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उन्हें विभिन्न माध्यमों से दबाव और धमकियां दी जा रही हैं। काम के बहाने से छतरपुर ले जाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।
गांव के लोगो ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों की पेंशन एवं किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों की भी निष्पक्ष जांच कराई जा।
इस संबंध में कियोस्क संचालक रामगोपाल पाल से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। बाद में मिलने की बात कही, लेकिन फिर मिल नहीं सका।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई तथा किसान की राशि वापस दिलाने की मांग की है।