नलखेड़ा में 85.40 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य मां बगलामुखी देवी लोक, मुख्यमंत्री ने किया भूमि-पूजन
55 एकड़ में विकसित होगा देवी लोक, 108 फीट ऊंचा होगा मुख्य मंदिर का शिखर; 220 यज्ञशालाओं सहित श्रद्धालुओं के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं
आगर-मालवा, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर परिसर में भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने गैंती चलाकर परियोजना का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मां बगलामुखी देवी लोक का निर्माण कुल 55 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा। परियोजना के प्रथम चरण में 85.40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इसके तहत मुख्य मंदिर का 108 फीट ऊंचा शिखर बनाया जाएगा। मंदिर के 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में गर्भगृह और ऊपरी संरचना का निर्माण तथा पत्थर की क्लैडिंग की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कॉरिडोर एवं प्रांगण का विकास भी किया जाएगा।
परियोजना में धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं, 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला, विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी भवन और चार भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। इसके अलावा संपूर्ण परिसर की बाउंड्री वॉल, चारपहिया वाहनों एवं बसों के लिए पार्किंग, शौचालय ब्लॉक, उद्यान एवं हरित क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। परिसर में आंतरिक और बाहरी विद्युत व्यवस्था, फसाड लाइटिंग, प्लंबिंग तथा अग्निशमन जैसी आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उज्जैन में महाकाल महालोक के निर्माण से पूरे क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। इसी तरह मां बगलामुखी देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा की पहचान और मजबूत होगी। यह स्थान दस महाविद्याओं में से एक मां बगलामुखी की साधना और आस्था का प्रमुख केंद्र है। देवी लोक बनने से यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन व्यवस्था और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर से सुसनेर होते हुए झालावाड़ तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही आमला से नलखेड़ा तक नए फोरलेन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी किया गया है। इससे मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मंदिर के समीप ऊंचे और बड़े ब्रिज के निर्माण कार्य की शुरुआत का भी उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 14 धार्मिक स्थलों पर हजारों करोड़ रुपये के विकास एवं निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक माधव सिंह मधु गहलोत, विधायक भेरू सिंह बापू और पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह ने मां बगलामुखी की तस्वीर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
सांसद रोडमल नागर ने स्वागत उद्बोधन में नलखेड़ा-सुसनेर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने देवी लोक परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद रोडमल नागर, विधायक भेरू सिंह बापू, विधायक माधव सिंह मधु गहलोत, जयदीप पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, गोपाल परमार, उज्जैन विकास प्राधिकरण के रवि सोलंकी और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भैरू सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गोविंद सिंह बरखेड़ी, चिंतामन राठौर, दिलीप सकलेचा, प्रेम यादव, मयंक राजपूत, हरिनारायण यादव, बाबूलाल यादव, करण सिंह यादव, रोहित सकलेचा और नगर परिषद अध्यक्ष अंतिमा विजय सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों में संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, प्रभारी पुलिस अधीक्षक, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव और जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और श्रद्धालु शामिल हुए।