सदर रामलीला में श्रीराम ने तोड़ा शिवधनुष, लक्ष्मण-परशुराम संवाद ने मोहा मन !
पिथौरागढ़ :- श्री रामलीला प्रबन्धकारिणी समिति पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 130वें रामलीला मंचन के तृतीय दिवस पुष्पवाटिका, धनुष यज्ञ, राम-सीता स्वयंवर और लक्ष्मण-परशुराम संवाद की लीलाओं का भव्य मंचन किया गया।
लीला में दिखाया गया कि जनकपुरी की पुष्पवाटिका में श्रीराम और माता सीता का प्रथम मिलन होता है। इसके बाद राजा जनक द्वारा आयोजित स्वयंवर में देश-विदेश से आए राजा-महाराजा शिवधनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास करते हैं, लेकिन कोई सफल नहीं हो पाता। राजा जनक की निराशा और उनकी बातों से लक्ष्मण क्रोधित हो उठते हैं। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम शिवधनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाते हैं, जिससे धनुष टूट जाता है और माता सीता श्रीराम के गले में वरमाला डाल देती हैं।
शिवधनुष टूटने की आवाज सुनकर भगवान परशुराम सभा में पहुंचते हैं। इसके बाद लक्ष्मण और परशुराम के बीच तीखा संवाद होता है, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से रामलीला के प्रसंगों को जीवंत कर दिया।