मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां तेज, जीआईसी मैदान का आईजी ने किया निरीक्षण
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया है। संभावित कार्यक्रम को देखते हुए अधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कार्यक्रम स्थल के रूप में चिन्हित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर दुरुस्त किया जा रहा है।
शनिवार दोपहर प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्र ने प्रतापगढ़ पहुंचकर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ जीआईसी मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, प्रवेश और निकास मार्गों सहित विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आईजी ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बिंदु पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान जीआईसी मैदान में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए अलग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा मंगलवार को संभावित है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।