औरंगाबाद में दुर्गा पूजा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट।
औरंगाबाद, 20 अक्टूबर 2026
औरंगाबाद में दुर्गा पूजा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिले भर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासन की ओर से विसर्जन मार्गों और विभिन्न घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम और साउंड सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
*मुख्य तैयारियां इस प्रकार हैं -*
*1. मुख्य मार्गों पर लाइटिंग -* श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के सभी मुख्य विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।
*2. जामा मस्जिद के पास बैरिकेडिंग -* भीड़ नियंत्रण और आवागमन को सुचारू रखने के लिए जामा मस्जिद के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाई जा रही है।
*3. सूर्य मंदिर रोड और घाट पर विशेष इंतजाम -* सूर्य मंदिर रोड में व्यू कटर और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। सूर्य मंदिर घाट सहित अन्य सभी विसर्जन घाटों पर सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की जा रही है।
*4. कंट्रोल रूम और अनाउंसमेंट सिस्टम -* सभी प्रमुख घाटों पर कंट्रोल रूम और साउंड सिस्टम लगाया जा रहा है, ताकि भीड़ प्रबंधन, सूचना प्रसारण और आपसी समन्वय बेहतर हो सके।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और विजयादशमी के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने कहा है कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।
साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण विसर्जन में सहयोग करें।