समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध तरीके से करें निपटारा: एसडीएम पुलकित मल्होत्रा
सफीदों, 31 अगस्त एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले समाधान शिविर में नागरिकों द्वारा रखी जाने वाली शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्या के समाधान में लगने वाले संभावित समय की भी जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
एसडीएम पुलकित मल्होत्रा सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से बिजली से संबंधित दो शिकायतें रखी गईं। एसडीएम ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के कार्यालयों में जाने की आवश्यकता न पड़े और उनकी शिकायतों का समाधान उनके आसपास के क्षेत्र में ही हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो समस्याएं मौके पर हल हो सकती हैं, उनका तत्काल निपटारा किया जाए। जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें भी शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की प्रगति पर संबंधित अधिकारी नजर रखें और शिकायतकर्ता को समय पर राहत पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को सुगम, पारदर्शी एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि आमजन की सुविधा के लिए समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने उपमंडल वासियों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर समाधान शिविर के लिए नोमिनेट पर्सन कृष्ण खातला, बीडीपीओ पिल्लूखेड़ा प्रवीण कुमार, डीएसपी रीडर सतीश कुमार, लोक निर्माण विभाग के जेई दीपक, जयबीर, पूजा सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Safidon, Jind | Aug 31, 2026