अवैध शराब बंद कराने और सीसीटीवी लगाने की मांग, 15 जून को कलेक्टर-एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन
बड़ापुरा में हुई बैठक, बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए चलाए जाने वाली मुहिम पर बनी सहमति
दमोह। शहर के बड़ापुरा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और बढ़ते अपराधों के विरोध में रविवार को अंबेडकर धर्मशाला में सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारण आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इसे रोकने के लिए प्रशासन को विशेष अभियान चलाना चाहिए। साथ ही चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बड़ापुरा चौराहा से इमलाई चौराहा, सिताबाबरी, आशाराम चौराहा तथा चमन चौराहा तक प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर 15 जून, सोमवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए सुबह 11 बजे बड़ापुरा स्थित अंबेडकर धर्मशाला में एकत्रित होकर रैली के रूप में प्रशासन तक पहुंचा जाएगा।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने “अवैध शराब बंद करो”, “बढ़ते अपराधों पर मुहिम चलाओ”, “जय भीम, जय भारत, जय संविधान” जैसे नारों के साथ जनजागरण अभियान चलाने का भी संकल्प लिया। आयोजन अहिरवार बड़ापुरा समिति द्वारा किया गया।
Damoh, Damoh | Jun 13, 2026