सेक्टर-15 में सजेगा श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज का भव्य दरबार
19 सितंबर को होगी ‘एक शाम श्री मेहंदीपुर बालाजी के नाम’ विशाल भजन संध्या, सनी हरियाणवी भजनों से बांधेंगे श्रद्धा का समां
पंचकूला। श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज के भक्तों के लिए पंचकूला में भक्ति और आस्था से जुड़ने का विशेष अवसर है। श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज ट्रस्ट रजिस्टर्ड, पंचकूला की ओर से 19 सितंबर 2026, शनिवार को सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में ‘एक शाम श्री मेहंदीपुर बालाजी के नाम’ विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
ट्रस्ट के प्रधान दिनेश बंसल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज का भव्य दरबार सजाया जाएगा। भजन संध्या का शुभारंभ शाम 6:30 बजे होगा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक सनी हरियाणवी अपनी भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंगेंगे। हरियाणवी अंदाज में प्रस्तुत किए जाने वाले भजनों से कार्यक्रम स्थल पर भक्तिमय वातावरण बनने की उम्मीद है।
मुख्य अतिथियों और यज्ञमानों को दिए निमंत्रण
भजन संध्या की तैयारियों को लेकर ट्रस्ट सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल होने वाले मुख्य अतिथियों और मुख्य यज्ञमानों को निमंत्रण पत्र भी प्रदान किए गए।
आयोजकों के अनुसार, हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा सरकार में चेयरमैन मोहन लाल बडोली मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी, मेयर शामलाल बंसल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और जिला भाजपा अध्यक्ष अजय मित्तल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इसके अलावा समाजसेवी अमित जिंदल, राकेश गर्ग बिट्टू और पार्षद दीपक गर्ग मुख्य यज्ञमान के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भव्य दरबार के साथ होगी भक्ति की शाम
सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर में आयोजित होने वाली भजन संध्या के लिए आकर्षक एवं भव्य दरबार सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद, भोजन, साउंड व्यवस्था, सजावट और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर ट्रस्ट की ओर से विशेष तैयारियां की गई हैं।
ट्रस्ट सदस्यों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
परिवार सहित पहुंचने की अपील
ट्रस्ट के प्रधान दिनेश बंसल ने पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से 19 सितंबर को शाम 6:30 बजे सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और आस्था का संगम होगी, जहां श्रद्धालु सामूहिक रूप से बालाजी महाराज का गुणगान कर सकेंगे।
उन्होंने ट्रस्ट सदस्यों से भी आयोजन की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया।
आयोजन को लेकर ट्रस्ट सदस्यों में उत्साह
भजन संध्या को लेकर ट्रस्ट सदस्यों में खासा उत्साह है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ निभा रहे हैं।
19 सितंबर की शाम सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर में श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज का भव्य दरबार सजेगा और सनी हरियाणवी के भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगेंगे।