ई-रिक्शा पंजीकरण को लेकर एआरटीओ से मिले सपा नेता रामज्ञान गुप्ता, आंदोलन की चेतावनी
हरदोई। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने मंगलवार को ई-रिक्शा डीलर व्यापारियों के साथ एआरटीओ अरविंद कुमार सिंह से मुलाकात कर ई-रिक्शा कारोबारियों और चालकों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन माह से ई-रिक्शा का पंजीकरण नहीं हो रहा है, जिससे डीलरों और चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि ट्रेनिंग सर्टिफिकेट के नाम पर ई-रिक्शा चालकों से 10 से 12 हजार रुपये तक लिए जा रहे हैं, जबकि सरकारी शुल्क करीब 1500 से 2000 रुपये बताया जा रहा है। उन्होंने इस मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कई ई-रिक्शा चालकों को आरसी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके अलावा वाहनों के चालान और सीज किए जाने की कार्रवाई से गरीब चालक परेशान हैं। उन्होंने एआरटीओ से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और लंबित पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की।
रामज्ञान गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि ई-रिक्शा का पंजीकरण जल्द शुरू नहीं किया गया और चालकों व डीलरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
Bilgram, Hardoi | Oct 6, 2026