मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मेहलुआ में उद्यम संवाद आयोजित, हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
---------------------------------
गोशाला में जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट एवं गोबर से निर्मित उत्पादों का किया अवलोकन, गोशाला संचालक संजीव रघुवंशी के प्रयासों की सराहना
---------------------------------
विदिशा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आज कुरवाई क्षेत्र के मेहलुआ चौराहा स्थित श्री गोपाल गोशाला में उद्यम संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुद्रा लोन एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने सहभागिता की। इस दौरान हितग्राहियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के माध्यम से प्राप्त सहायता, स्वरोजगार की स्थापना तथा अपनी आजीविका में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे, अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुरभि तिवारी सहित एसडीएम कुरवाई, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा। उद्यम संवाद के दौरान कृषि विभाग से श्री नरेंद्र रघुवंशी ने किसानों को जीवामृत एवं अन्य जैविक खादों के उपयोग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैविक खादों के उपयोग से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और खेती की लागत कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने किसानों से फसल अवशेष अर्थात पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि नरवाई को खेत में ही उपयोग करने तथा जैविक तरीके अपनाने से भूमि की गुणवत्ता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम ने श्री गोपाल गोशाला परिसर का भ्रमण कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने गोशाला में तैयार की जा रही जैविक वर्मी कम्पोस्ट (केंचुआ खाद), बायो रिसोर्स सेंटर तथा गोबर से निर्मित किए जा रहे विभिन्न उपयोगी उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गोवंश के नस्ल सुधार, उनके लिए संतुलित एवं उचित आहार प्रबंधन तथा गोशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
गोशाला में गोबर एवं जैविक संसाधनों के उपयोग से तैयार किए जा रहे उत्पादों तथा जैविक खाद निर्माण की गतिविधियों को आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम ने गोशाला में गोवंश के रखरखाव, नस्ल सुधार, आहार प्रबंधन, जैविक खाद निर्माण एवं अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने गोशाला संचालक श्री संजीव रघुवंशी द्वारा गोशाला के सुव्यवस्थित संचालन तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जैविक संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को जोड़ने, स्वरोजगार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा सफल हितग्राहियों के अनुभवों के माध्यम से अन्य लोगों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान
Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 27, 2026