कबड्डी में सागर का डबल धमाका, बालक-बालिका दोनों वर्गों में चैंपियन
बकस्वाहा। बकस्वाहा में आयोजित 70वीं संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, कराते और थंगता मार्शल आर्ट के मुकाबलों में संभागभर के खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कबड्डी के दोनों फाइनल मुकाबलों में सागर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग के रोमांचक फाइनल में सागर ने निवाड़ी को 58-56 से हराया। वहीं बालक वर्ग में सागर ने पन्ना को 68-22 के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
प्रतियोगिता में कबड्डी के 140, कराते के 169 और थंगता मार्शल आर्ट के 15 खिलाड़ियों सहित कुल 324 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
आयोजकों के अनुसार बकस्वाहा में आगामी दिनों में जिला एवं संभाग स्तरीय क्रिकेट और पिट्ठू प्रतियोगिताएं भी प्रस्तावित हैं।