जिले की सभी ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्वक मनाया गया "पंचायत विकास दिवस।
प्रभारी मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने सर्वा पंचायत सरकार भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में लिया भाग।
मद्यनिषेध थीम पर नुक्कड़ नाटक एवं व्यापक प्रचार-प्रसार रहा आकर्षण का केंद्र।
सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले "पंचायत विकास दिवस" के अंतर्गत आज जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक विभिन्न कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
बरबीघा प्रखंड के सर्वा पंचायत सरकार भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने भाग लिया। इस अवसर पर पंचायतों के समग्र एवं सहभागी विकास, महिला सशक्तिकरण तथा स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI), ई-ग्राम स्वराज तथा स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप पंचायतों के विकास हेतु कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक टीम रही, जिसने मद्यनिषेध विषय पर गीत, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। नाटक के माध्यम से शराबबंदी के सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक लाभों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मद्यनिषेध से संबंधित पोस्टर, बैनर, पंपलेट एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री का व्यापक प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों में नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु, उप विकास आयुक्त श्री संजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी स्वाति कुमारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, अन्य प्रखंड एवं थाना स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।