मोकामा में मालगाड़ी में ब्रेक बाइंडिंग: 45 मिनट तक थमा ट्रेनों का पहिया, जान जोखिम में डालकर पटरी पार करने को मजबूर हुए यात्री
मोकामा:
मोकामा जंक्शन के पास एक बड़ी मालगाड़ी में ब्रेक बाइंडिंग (पहियों में ब्रेक फंसने) की समस्या के कारण रेल यातायात लगभग 45 मिनट तक पूरी तरह बाधित रहा। अचानक हुई इस तकनीकी खराबी के चलते रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। ब्रेक बाइंडिंग की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ट्रेन को दुरुस्त कर सुरक्षित आगे रवाना किया गया।
इस घटना के संबंध में स्टेशन प्रबंधक हरिशंकर कुमार ने बताया कि लगातार मालगाड़ियों के परिचालन के कारण ब्रेक बाइंडिंग जैसी समस्याएं कभी-कभी आ जाती हैं और यह एक सामान्य तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा है। कर्मियों ने मौके पर जाकर त्वरित कार्रवाई की और ट्रेन को सही सलामत गंतव्य की ओर रवाना कर दिया।
यात्री परेशान, जान जोखिम में डालकर पार की पटरी
हालाँकि रेल प्रशासन के लिए यह एक 'आम बात' हो सकती है, लेकिन इस 45 मिनट के रेल ब्लॉक ने आम यात्रियों और राहगीरों की आफत खड़ी कर दी। मालगाड़ी के बीच रास्ते में खड़े रहने के कारण मोकामा के आगे और पीछे कई महत्वपूर्ण सवारी व एक्सप्रेस ट्रेनें जहां की तहाँ खड़ी रहीं।
सबसे बुरी स्थिति दोनों रेलवे फाटकों पर देखने को मिली। फाटक लंबे समय तक बंद रहने के कारण दोनों ओर गाड़ियों और राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और समय की पाबंदी के बीच कई परेशान यात्री अपनी जान की परवाह किए बिना खड़ी मालगाड़ी के नीचे से होकर पटरी पार करने पर मजबूर हो गए। इस दौरान कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसी स्थितियों में सुरक्षा बल तैनात किए जाएं ताकि लोग जानलेवा लापरवाही न करें।
#Mokama
Mokameh, Patna | Aug 5, 2026