प्रोजेक्ट संकल्प की प्रगति पर जिला शिक्षा अधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
गुरु पूर्णिमा पर किया वृक्षारोपण, शिक्षा गुणवत्ता एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े एवं एपीसी श्री मुकेश कुमार पाण्डेय द्वारा विकासखंड बिछिया के शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय बिछिया, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधोपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत जेईई, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विद्यार्थियों के लिए लिए गए ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन की जांच की गई। अधिकारियों ने लाभान्वित विद्यार्थियों से वन-टू-वन चर्चा कर परियोजना से प्राप्त हो रहे लाभ, अध्ययन सामग्री के उपयोग तथा तैयारी की स्थिति की जानकारी ली तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय बिछिया परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में नामांकन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता, राष्ट्रीय मींस-कम-मेधावी छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) के पंजीयन, प्रोफाइल अपडेट, छात्रवृत्ति स्वीकृति, अपार आईडी निर्माण सहित अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में निरंतर सुधार, शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ-साथ शासन की सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of School Education, Madhya Pradesh
1 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jul 16, 2026