शिवहर में 27 विभागों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने कहा- योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे,
आपदा पूर्व तैयारियों पर भी मंथन, अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश,
शिवहर। जिले में विकास योजनाओं की प्रगति और संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह शिवहर के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने की। बैठक में सांसद लवली आनंद तथा बेलसंड विधायक अमित कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले के 27 विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विभागों द्वारा पूर्व में सौंपे गए कार्यों के अनुपालन प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा हुई तथा लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के माध्यम से सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित के कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए पूर्व तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को राहत, बचाव एवं पुनर्वास संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति में आम जनता को परेशानी न हो।
इन विभागों की हुई विशेष समीक्षा
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, श्रम संसाधन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, विद्युत, खनन, लघु सिंचाई, नगर प्रक्षेत्र तथा ग्रामीण कार्य प्रमंडल समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं और प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दे भी उठाए और अधिकारियों से जवाब तलब किया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष श्री विजय कुमार सिंह, नगर परिषद सभापति श्री राजन नंदन सिंह, विधायक बंशीधर ब्रजवाशी, विधान परिषद सदस्य रेखा कुमारी, अपर समाहर्ता श्री मेधावी सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।