मंडल कारा सीतामढ़ी में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
सीतामढ़ी। मंडल कारा, सीतामढ़ी में बंदियों के कौशल विकास एवं पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल कारा, सीतामढ़ी के जेल अधीक्षक श्री जलज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण में कंप्यूटर एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। इसका उद्देश्य बंदियों को आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल से जोड़ना तथा उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार करना है।
परमार्थ – ए हैंड फॉर यू फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम में सुशांत प्रदर्शी, जय मिश्रा, अविनाश प्रताप, उमंग सिंह, सूरज वर्मा एवं चंदन मिश्रा उपस्थित रहे। संस्था की टीम द्वारा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन एवं कौशल विकास की दिशा में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री जलज कुमार ने इस पहल को बंदियों के सुधार, कौशल विकास तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
परमार्थ – ए हैंड फॉर यू फाउंडेशन का मानना है कि शिक्षा, कौशल और अवसर किसी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसी सोच के साथ यह पहल बंदियों को सीखने, आगे बढ़ने और एक बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।
कौशल से सशक्तिकरण | अवसर से नई शुरुआत
Dumra, Sitamarhi | Aug 21, 2026