समाधान दिवस में विवाद: जिला पंचायत सदस्य को 'दलाल' कहने के आरोप का वीडियो वायरल, जांच की तैयारी
हरदोई जिले के पिहानी क्षेत्र में आयोजित समाधान दिवस के दौरान हुए एक विवाद ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में आरोप लगाया जा रहा है कि एक लेखपाल ने जिला पंचायत सदस्य को सार्वजनिक रूप से 'दलाल' कह दिया। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।मामला पिहानी कोतवाली क्षेत्र के खटेली कुल्हावर गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी लियाकुद्दीन का आरोप है कि उनकी भूमि को लेकर खालिद खां के साथ विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि संबंधित भूमि के संबंध में इलाहाबाद हाईकोर्ट से स्थगन आदेश प्रभावी है, बावजूद इसके विपक्षी पक्ष द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है।इसी शिकायत को लेकर लियाकुद्दीन शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे थे। उनके साथ टोडरपुर प्रथम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह भी मौजूद थे।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य रुकवाने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की थी। इसी दौरान वहां तैनात लेखपाल से कहासुनी हो गई।
*शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह टिप्पणी अधिकारियों और अन्य लोगों की मौजूदगी में की गई*
आरोप है कि बहस के दौरान लेखपाल ने जिला पंचायत सदस्य के लिए अपमानजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें 'दलाल' कह दिया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह टिप्पणी अधिकारियों और अन्य लोगों की मौजूदगी में की गई, जिससे उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
घटना के समय नायब तहसीलदार संतोष कुशवाहा और पिहानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह भी मौके पर मौजूद थे। नायब तहसीलदार ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। भूमि विवाद से जुड़े दोनों पक्षों को सोमवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक कर्मचारियों के व्यवहार, जनप्रतिनिधियों के सम्मान और समाधान दिवस जैसी जनसुनवाई व्यवस्था की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Hardoi, Hardoi | Jul 26, 2026