🎈 पी.बी.आर.पी. अकादमी जसवंतपुर में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, बाल मेले में बच्चों ने लगाए आकर्षक स्टॉल
जसवंतपुर (औरैया)। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 को पी.बी.आर.पी. अकादमी, जसवंतपुर में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पी.बी.आर.पी. ग्रुप के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री संतोष कुमार पाण्डेय तथा डॉ. ललित कुमार पाण्डेय रहे। उन्होंने मां सरस्वती एवं भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप सिंह ने चाचा नेहरू के जीवन, उनके आदर्शों एवं विचारों से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
बाल मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए। कहीं पानीपूरी, भेलपूरी, चाट और पेठे-मसाले के स्टॉल सजे तो कहीं निशानेबाजी की गतिविधियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। रंग-बिरंगे गुब्बारों और मनोरंजक झूलों का बच्चों ने खूब आनंद उठाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाल कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अर्पिता बघेल, अनिका, अनुज, अवन्तिका, आकृति, सादंश, अनुभव चतुर्वेदी, देवांश, विराट, अवनीश, मुहम्मद सैफ और निखिल सहित अन्य विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।
रिपोर्ट : दिबियापुर द लीजेंड
#ChildrensDay #BalDiwas #PBRPAcademy #Jaswantpur #Auraiya #DibiyapurTheLegend