भारत सेवा संघ ट्रस्ट की गोष्ठी में राष्ट्र निर्माण और कौशल शिक्षा पर दिया गया जोर
वाराणसी के बरियासनपुर में रविवार दोपहर करीब 12बजे भारत सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा ‘नमन यात्रा’, राष्ट्रीय एकता एवं ‘अक्टूबर महोत्सव’ को लेकर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें समाजसेवियों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, युवाओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। गोष्ठी का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों पर चर्चा करना तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद संविधान की उद्देशिका का पाठ हुआ। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने तिरंगा पट्टी लगाकर अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि प्रो. गोपाल नाथ ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल प्रशिक्षण देना भी अनिवार्य है। इसके लिए माताओं को अपने बच्चों को शिक्षा और कौशल विकास के प्रति प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने महान विभूतियों के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से समाजहित में कार्य करने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता की अधिक आवश्यकता है। गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आपसी सहयोग और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओमप्रकाश पटेल ने किया। इस अवसर पर एमएल सी प्रत्याशी मनोज वर्मा जितेंद्र पटेल बाल किशुन पटेल, नर सिंह मौर्य, इंद्रजीत सिंह, जय बहादुर, संजय मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।