सड़क चाहिए, तालाब नहीं! गड्ढों में मछली पकड़कर ग्रामीणों ने जताया विरोध
सिमडेगा: बानो प्रखंड मुख्यालय से केवेटांग-गिरदा को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में जमा पानी में ग्रामीणों ने मछली पकड़ी और शैंपू लगाकर स्नान किया। इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि “सड़क चाहिए, तालाब नहीं।”उक्त सड़क पबुड़ा, बिनतुका, बड़काडुईल, गेनमेर और जमतई पंचायत सहित कई गांवों को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ती है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर वर्तमान विधायक सुदीप गुड़िया के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, कालीचरण मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा सहित जिले के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक उचित पहल नहीं हुई।जेएलकेएम के जिला महासचिव रविंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में मछली पकड़ी और स्नान कर विरोध दर्ज कराया। मौके पर गंगाधर भुइयां, बलजीत सिंह, प्रकाश सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।वहीं विधायक सुदीप गुड़िया के निजी सचिव अमित बड़िंग ने कहा कि सड़क निर्माण का मामला विधायक की जानकारी में है। जल्द ही सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
Simdega, Simdega | Aug 27, 2026