पिंजौर में चाय की आड़ में शराब बेच रही महिला गिरफ्तार और चंडीगढ़ से हिमाचल जा रही पिकअप से अवैध शराब की खेप पकड़ी, पंचकूला पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 2 शराब तस्कर किए गिरफ्तार
पंचकूला/ 31 अगस्त:- अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर शिकंजा कसते हुए पंचकूला पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है, जो पिंजौर की सेब मंडी में चाय की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेच रही थी। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ से शराब खरीदकर हिमाचल प्रदेश ले जा रहे एक आरोपी को चंडीमंदिर टोल टैक्स के पास नाकाबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में अवैध शराब बरामद करने के साथ-साथ शराब तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी कब्जे में लिया है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला पुलिस द्वारा अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ विशेष निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
पहला मामला
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पिंजौर की सेब मंडी में कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि एक महिला चाय की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेच रही है। इन्चार्ज तजिन्द्र पाल सिंह की अगुवाई में टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और रेखा निवासी मौली जांगरा, चंडीगढ़, हाल निवासी पिंजौर को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके चाय स्टाल में रखे लकड़ी के बक्से से 19 अद्धे और 11 पव्वे देशी शराब बरामद हुए। इस संबंध में थाना पिंजौर में मामला दर्ज किया गया है।
दूसरा मामला
दूसरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल पंचकूला की टीम द्वारा चंडीमंदिर टोल टैक्स के पास की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चंडीगढ़ से अपनी पिकअप गाड़ी में अवैध शराब लोड कर हिमाचल प्रदेश के शिमला की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर इन्चार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने शिमला हाईवे पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में चालक रविन्द्र कुमार निवासी शिमला, हिमाचल प्रदेश अकेला मिला। तलाशी के दौरान गाड़ी से 15 पेटियां अंग्रेजी शराब की बरामद हुईं, जिनमें कुल 180 बोतलें थीं। पुलिस ने शराब के साथ पिकअप गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया। इस मामले में थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी से जुड़े लोगों पर पंचकूला पुलिस की पैनी नजर है। सभी पुलिस टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अवैध शराब तथा नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।